हापुड़, सीमन (ehapurnews.com): जनपद हापुड़ के थाना बाबूगढ़ कोतवाली पुलिस ने सिलेंडरों के अवैध रूप से भंडारण के मामले में बेगराज पुत्र खचेडू निवासी ग्राम मतनौरा बाबूगढ़ के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। सप्लाई इंस्पेक्टर कमलेश झाँ की तहरीर पर यह कार्रवाई पुलिस ने की है। सप्लाई इंस्पेक्टर ने बताया कि जिलाधिकारी हापुड़ मेधा रुपम के निर्देशन में उनके आदेशों का पालन करते हुए यह कार्रवाई की गई है।
बता दें कि हापुड़ के ग्राम मतनौरा निवासी एडवोकेट पवन कुमार गुर्जर ने शनिवार को समाधान दिवस में एसडीएम सदर हापुड़ सुनीता सिंह को शिकायत दी थी कि गांव में एक व्यक्ति द्वारा अवैध रूप से गैस सिलेंडरों का भंडारण किया जा रहा है। शिकायत के बाद सप्लाई इंस्पेक्टर कमलेश कुमार झा ने बाबूगढ़ पुलिस के साथ मकान में छापा मारा और 40 सिलेंडर बरामद किए। सोमवार को विभाग द्वारा मिली तहरीर के आधार पर पुलिस ने कार्रवाई करते हुए अवैध रूप से सिलेंडरों के भंडारण के मामले में बेगराज पुत्र खचेडू के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है।

























