पूजा कश्यप की मौत का मामला, मरने से पहले पुलिस को दिया था यह बयान
हापुड़, सीमन (ehapurnews.com): हापुड़ की देवलोक कॉलोनी निवासी पूजा कश्यप पुत्री राम सिंह कश्यप ने शनिवार की रात को जहर खाकर अपनी जीवन लीला समाप्त कर ली। पूजा कश्यप ने आत्महत्या करने से पहले एक सुसाइड नोट भी लिखा जिसमें उसने अपनी मौत का जिम्मेदार अपने पति, ससुरालयों और पति की कथित प्रेमिका को बताया। रविवार को पुलिस ने मृतका के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। तहरीर के आधार पर मामले की जांच शुरू कर दी है। बताते चलें कि इसी वर्ष 27 जून को पूजा कश्यप की शादी मेरठ रोड पर स्थित संजय विहार आवास विकास कॉलोनी निवासी आकाश कश्यप पुत्र राधेश्याम कश्यप के साथ हुई थी। पूजा ने शनिवार को अपने मायके आकर जहर खा लिया। पूजा ने सुसाइड नोट में लिखा कि उसके पति के एक महिला के साथ अवैध संबंध हैं। इसी के साथ मृतका ने महिला थाना पुलिस पर भी कई गंभीर आरोप लगाते हुए लिखा कि वहां उसके द्वारा लगाए गए आरोपों की जांच नहीं की गई। उससे बयान लिखवाया गया कि वह आकाश के साथ रहना चाहती है। पत्र में लिखा है कि घरवालों की सहमति के बिना यह बात लिखवाई गई। अब मामले से जुड़ा एक वीडियो सामने आया है। यह बयान महिला ने पुलिस के समक्ष दर्ज कराया था।
हापुड़ के अपर पुलिस अधीक्षक का कहना है कि मामले की जांच जारी है। तहरीर के आधार पर पुलिस ने मामले की छानबीन शुरू कर दी है। आपको बता दें कि पुलिस विभिन्न पहलुओं पर जांच कर रही है जिसने सबूतों को एकत्र कर लिया है।





























