हापुड सीमन (ehapurnews.com): कोडीनयुक्त कफ सिरप बेचने के मामले में औषधि विभाग ने बड़ी कार्यवाही करते हुए विभिन्न शहरों के 24 दवा विक्रेताओं के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया है। जनपद हापुड़ के थाना हापुड़ कोतवाली में औषधि निरीक्षक उर्मिला अग्रवाल ने मुकदमा दर्ज कराया है। विक्रेताओं पर गलत बिलिंग, बंद फर्मों के नाम से बिलिंग, क्षमता से अधिक सिरप रखना और नियम विरुद्ध खरीदने व बेचने का आरोप लगाते हुए यह कार्रवाई की गई है।
ज्ञात हो कि सितंबर में औषधि विभाग की टीम ने हापुड़ की मेरठ रोड पर स्थित एक ट्रांसपोर्ट कंपनी पर छापा मार कर कोडीन युक्त कफ सिरप की बड़ी खेप पकड़ी थी। टीम ने मौके से तीन नमूने लिए और जांच को भेजें। इसी के साथ टीम ने हापुड़ की भगवती गंज में स्थित एक ठिकाने पर भी छापामार कार्रवाई की थी। औषधि विभाग की टीम को जानकारी मिली थी कि कोडीनयुक्त खांसी के सिरप फैंसेडील का अत्यधिक मात्रा में स्टॉक है जिसके बाद ट्रांसपोर्ट कंपनी से टीम ने बड़ी खेप पकड़ी। उस दौरान औषधि विभाग के मेरठ मंडल के असिस्टेंट कमिश्नर अरविंद कुमार गुप्ता, औषधि निरीक्षक मंडल मेरठ गौरव लोधी, औषधि निरीक्षक बुलंदशहर अनिल आनंद तथा हापुड़ औषधि निरीक्षक उर्मिला अग्रवाल ने कार्रवाई की थी। उर्मिला अग्रवाल की तहरीर पर पुलिस ने 24 दवा विक्रेताओं पर मुकदमा दर्ज किया है।
इनके खिलाफ हुआ मुकदमा:
हापुड़ की स्वर्ग आश्रम रोड पर स्थित भगवती गंज में मैसर्स अरिहंत डिस्ट्रीब्यूटर के संचालक पवन कुमार, गढ़मुक्तेश्वर की स्याना रोड पर स्थित मैसेज ए ए के एंड संस के संचालक इमरान, हापुड़ की मेरठ रोड पर स्थित एनएस ट्रांसपोर्ट कम्पनी एंड कमीशन एजेंट के संचालक नीरज कुमार, मेसर्स एब्बोट हेल्थ केयर प्राइवेट लिमिटेड मोहन नगर गाजियाबाद, मैसर्स एसएच एंटरप्राइजेज आगरा समेत 24 दवा विक्रेताओं के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है।
































