
पार्किंग कर्मियों द्वारा श्रद्धालुओं से अभद्रता करने के मामले में मुकदमा
हापुड़, सीमन/ संजय कश्यप (ehapurnews.com): जनपद हापुड़ की तीर्थ नगरी गढ़मुक्तेश्वर के ब्रजघाट में हरियाणा से आए श्रद्धालुओं और पार्किंग कर्मियों के बीच कहासुनी हो गई जिसने धक्का मुक्की और मारपीट का रूप ले लिया। मौके की वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रही है। पुलिस मामले की जांच के लिए पहुंची जिसने तीन पार्किंग कर्मियों को हिरासत में लेकर जांच शुरू कर दी है। श्रद्धालुओं की तहरीर के आधार पर पुलिस ने मामले में कार्रवाई करते हुए मुकदमा दर्ज कर लिया है। हरियाणा से आए श्रद्धालुओं ने पार्किंग शुल्क लेने वालों पर गाली देने और अभद्रता करने का आरोप लगाया।
जानकारी के अनुसार मामला शुक्रवार का है जब हरियाणा से कुछ श्रद्धालु ब्रजघाट आए थे। ब्रजघाट में हाईवे किनारे गेस्ट हाउस के पास वाले पार्किंग स्थल में शुक्रवार की दोपहर अफरा-तफरी का माहौल बन गया। हरियाणा के जनपद भिवानी के लोहारू के सिघानी से आए श्रद्धालु विकास पुत्र बलवान सिंह ने पार्किग शुल्क लेने वाले कर्मियों पर गाली गलौज व अभद्रता का आरोप लगाया। पीड़ित ने बताया कि वह अपने परिजनों के साथ पिता की अस्थियां विसर्जित करने के लिए तीर्थ नगरी पहुंचे। पार्किंग में पहले से पानी भरा था जिसके बाद विवाद हो गया। ऐसे में सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और मामले में कार्रवाई करते हुए तीन पार्किंग कर्मियों को हिरासत में ले लिया और पीड़ित की तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर लिया है।
Brainwaves International School: Admissions Open 2025-26 (Playgroup – Grade XI)


























