
गूलर के हरे पेड़ का अवैध कटान करने के मामले में सात लोगों पर मुकदमा
हापुड़, सीमन (ehapurnews.com): जनपद हापुड़ के बहादुरगढ़ क्षेत्र के गांव लुहारी के जंगल में किसान और ठेकेदार ने बिना विभागीय अनुमति के गूलर के दो हरे पेड़ काट दिए। दरोगा की तहरीर पर पुलिस ने मामले में कार्रवाई करते हुए सात लोगों पर मुकदमा दर्ज किया है।
एसआई मुनेश कुमार ने बताया कि शनिवार की रात वह टीम के साथ क्षेत्र में गश्त कर रहे थे। गश्त के दौरान गांव कानौर से सालौनी मार्ग पर पहुंचे जहां गांव लुहारी के जंगल में तालाब के पास खेतों से आरा मशीन चलाई जाने की आवाज सुनाई दी जिस पर पुलिस टीम खेतों पर पहुंची। दरोगा का कहना है कि खेत में पांच व्यक्ति आरा मशीन और कुल्हाड़ी से गूलर के पेड़ को टुकड़ों में काट रहे थे। पुलिस को देखकर पांचो व्यक्ति खेतों में फरार हो गए।
मालूम करने पर पता चला कि यह खेत सतवीर उर्फ बबलू निवासी गांव लुहारी का है जिसने गढ़ कोतवाली क्षेत्र के गांव अठसैनी निवासी ठेकेदार नसीम से पेड़ काटने का सौदा तय किया था। नसीम अठसैनी के ही रहने वाले दिलशाद, सलमान, अमजल, अनस, फिरोज से पेड़ कटवा रहा था। दरोगा ने बताया कि घटना के बारे में वन दरोगा शबाबुल हसन को भी सूचना दी गई जिसके बाद खेत में पड़ी गूलर के दो पेड़ों की लकड़ी व अन्य सामान कब्जे में ले लिया। सीओ स्तुति सिंह का कहना है कि सभी आरोपियों के खिलाफ वन अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया गया है।
एलर्जी, चर्म रोग, गुप्त रोग की पीड़ित महिलाएं अब रविवार को भी डॉ. रुचिका गुप्ता से ले सकेंगी परामर्श: 8979824365






























