हापुड़, सीमन (ehapurnews.com): जनपद हापुड़ की तीर्थ नगरी ब्रजघाट में गंगा पुल पर कई वाहन आपस में भिड़ गए जिससे अफरातफरी का माहौल बन गया। वाहनों की भिड़ंत से जाम की स्थिति बन गई। मामले की सूचना पाकर पुलिस मौके पर पहुंची और वाहनों को क्रेन की मदद से हटाया जिसके बाद यातायात सुचारू हुआ।
बता दें कि मुरादाबाद की ओर से आ रही एक कार हापुड़ की ओर जा रही थी। जैसे ही वह गंगा पुल बृजघाट पर पहुंची तो कार के सामने अचानक एक जानवर आ गया जिससे चालक को ब्रेक लगाने पड़े। वहीं पीछे से आ रहे वाहन के ब्रेक ना लगने से उसकी भिड़ंत आगे चल रही सफेद रंग की स्विफ्ट डिजायर कार से हो गई। राहत की बात यह रही कि इस दौरान कोई घायल नहीं हुआ। मामले की सूचना पाते ही पुलिस मौके पर पहुंची और क्रेन की मदद से वाहनों को हटाकर यातायात सुचारू कराया।


























