हापुड़, सीमन (ehapurnews.com): हापुड़ की गढ़ रोड पर एक खुला नाला हादसों को न्योता दे रहा है। लापरवाह अधिकारियों ने ना तो यहां कोई साइन बोर्ड लगाया है और ना ही दीवार खड़ी की है जिससे आए दिन वाहन यहां हादसे का शिकार हो रहे हैं लेकिन अधिकारी तो मस्त है।
रविवार की रात एक कार पक्का बाग चौराहे से अतरपुरा चौराहे की ओर जा रही थी। ऐसे में अतरपुरा चौराहे से चंद कदम पहले यह हादसा हुआ जिसमें गाड़ी अनियंत्रित होकर नाले की पुलिया पर फंस गई। राहत की बात यह रही कि समय रहते कार चालक ने ब्रेक लगा दिए। राहगीरों ने कड़ी मशक्कत कर कार सवारों को बाहर निकाला और गाड़ी को पीछे कराया।
ज्ञात हो कि इसी वर्ष एक होंडा सिटी कार जनपद हापुड़ केथाना कपूरपुर क्षेत्र में स्थित तालाब में गिर गई थी जिसमें कार सवार चार लोगों की मौत हो गई थी जिसके बाद तालाबों व नालों की बाउंड्री की मांग उठी लेकिन हापुड़ के व्यस्त मार्गों और चौराहों में से एक अतरपुरा चौराहे के पास नाला लगातार हादसों को आमंत्रण दे रहा है। स्थानीय लोगों का कहना है कि यहां किसी तरह का कोई साइन बोर्ड और दीवार नहीं है जिससे वाहन सवार कई बार यहां गिरकर चोटिल हो चुके हैं। यदि कार चालक समय रहते ब्रेक न लगाता तो यह हादसा बड़ा हो सकता था। वहीं घटनास्थल के पास टूटी पुलिया भी हादसों को न्योता दे रही है। ऐसे में लापरवाह अधिकारियों के खिलाफ शासन को सख्त से सख्त कार्रवाई करने की जरूरत है।






























