हापुड़, सीमन (ehapurnews.com): हापुड़ की मेरठ रोड पर स्थित अंबेडकर तिराहा पर एक कैंटर ने कार को साइड मार दी। इस दौरान गाड़ी का कुछ हिस्सा क्षतिग्रस्त हो गया। राहत की बात यह रही कि कार में मौजूद लोग बाल-बाल बच गए। मौके पर मौजूद पुलिसकर्मियों ने तुरंत हरकत में आते हुए कैंटर चालक को हिरासत में ले लिया और कैंटर को कब्जे में ले लिया। पुलिस मामले की जांच में जुट गई है। कार में तीन महिला, तीन बच्चे और चालक सवार थे। हालांकि किसी को चोट नहीं आई।
मामला बुधवार की सुबह करीब 11:30 बजे का है जब हापुड़ की प्रीत विहार कॉलोनी निवासी धर्मेंद्र कुमार परिजनों के साथ कार में सवार होकर हापुड़ से मेरठ जा रहे थे। गाड़ी में एक बुजुर्ग महिला बिंद्रा, तीन बच्चे समेत कुल सात लोग सवार थे। परिजनों ने बताया कि वह मेरठ में एक अस्पताल में भर्ती मरीज को देखने के लिए जा रहे थे। जैसे ही गाड़ी अंबेडकर तिराहा पर पहुंची तो पीछे से आए एक कैंटर ने गाड़ी को ओवरटेक कर अचानक मेरठ की ओर कैंटर को मोड़ दिया। कैंटर दिल्ली की ओर से आ रहा था जो कि मेरठ की ओर जा रहा था। कैंटर चालक ने मेरठ की ओर कैंटर को मोड़ा तो वह गाड़ी से टकरा गया और गाड़ी में साइड लग गई। कार में मौजूद लोगों में दहशत मच गई। शोर सुनकर आसपास मौजूद लोग इकट्ठा हुए और पुलिस ने कैंटर को कब्जे में लेकर चालक को हिरासत में लेकर जांच शुरू कर दी है।
































