हापुड़, सीमन (ehapurnews.com) : हापुड़ के मोहल्ला इंद्रगढ़ी के लोग इन दिनों खौँफ के साए में रहने को मजबूर हैं. छत से गुजर रही हाईटेंशन बिजली लाइन की वजह से लोग छत पर जाने से डर रहे हैं. स्थानीय निवासियों का कहना है कि कुछ समय पहले एक घोड़ी हाईटेंशन तारों की चपेट में आ गई जिससे उसकी मौत हो गई. वहीं कुछ समय पहले एक बच्चा भी छत से गुजर रही 11,000 की विद्युत लाइन की चपेट में आ गया. हालांकि वह बाल-बाल बच गया. स्थानीय लोगों का कहना है कि बारिश के दिनों में यहां के हालात और भी ज्यादा बत्तर हो जाते हैं और करंट लोगों की छत पर उतर आता है.
बता दें कि लोगों की छत पर मंडराती मौत की वजह से वह छत पर जाने से बचते हैं. यदि कोई व्यक्ति छत पर खड़ा हो जाए तो वह करंट की चपेट में आ सकता है. वहीं इंद्रगढ़ी में एक और तस्वीर सामने आई है जो कई सवाल खड़े कर रही है. शहर में विकास का दम भरने वाले दावे इस बिजली पोल की तरह खोखले हो चुके हैं. जर्जर अवस्था में खड़ा यह विद्युत पोल कभी भी हादसे का कारण बन सकता है. वहीं नाली में और भी कई ऐसे खंबे लगे हैं जो लापरवाही भरी तस्वीर को उजागर करते हैं. इंद्रगढ़ी में तीन बिजली के ऐसे खंभे हैं जो कि नाली में लगे हैं जिनमें से एक खोखला हो चुका है. नाली में लगे यह विद्युत पोल सफाई कर्मचारियों के लिए अड़चन पैदा करते हैं. स्थानीय लोगों ने बिजली विभाग के अधिकारियों और कर्मचारियों का ध्यान इस ओर आकर्षित किया है.
































