
रिश्वतखोर जेई निलंबित, PWD के कई अधिकारी एंटी करप्शन की रडार पर
हापुड़, सीमन (ehapurnews.com): एंटी करप्शन की टीम ने लोक निर्माण विभाग के जेई अशोक कुमार को ₹50,000 की रिश्वत के साथ रंगे हाथों दबोचा था। मामले में कार्रवाई करते हुए रिश्वतखोर जूनियर इंजीनियर अशोक कुमार को निलंबित कर दिया गया है। जेई के खिलाफ हुई इस कार्रवाई से विभाग के अधिकारियों में भी हड़कंप की स्थिति बनी हुई है। एंटी करप्शन मेरठ की रडार पर कई अधिकारी हैं जिनसे पूछताछ होगी। रिश्वतखोर आखिर किसकी शह पर कार्यालय में रिश्वत ले रहा था? अन्य अधिकारी भी सवालों के कटघरे में हैं जिनकी जांच जारी है। रिश्वतखोर इन दिनों जेल में करवटें बदल रहा है जो बाहर आने के लिए तड़प रहा है।
पीड़ित ठेकेदार गांव सिवाया निवासी संदीप कुमार उर्फ संजू राणा ने वित्तीय वर्ष 2024-25 में लोक निर्माण विभाग के जरिए सड़क निर्माण का टेंडर लिया था। 4.68 लाख रुपए की लागत से उन्होंने पिलखुवा के डूहरी बिजली घर से गांव डूहरी तक सड़क की मरम्मत कराई थी। इस मामले में उनसे लगातार रिश्वत की मांग की जा रही थी। अधिकारियों ने उन्हें धमकाया भी था। इसके बाद पीड़ित परेशान होकर मेरठ एंटी करप्शन टीम के पास पहुंचा जहां उसने मामले की शिकायत की जिसके बाद मंगलवार को एंटी करप्शन की टीम ने लोक निर्माण विभाग के कार्यालय में कार्रवाई करते हुए ठेकेदार से ₹50,000 की रिश्वत लेते रंगे हाथों अवर अभियंता अशोक कुमार को पकड़ा था। मौके से कुछ अधिकारी भाग खड़े हुए थे। एंटी करप्शन की टीम ने बाबूगढ़ थाने में मुकदमा भी दर्ज कराया था। जिला स्तरीय अधिकारियों ने अवर अभियंता के निलंबन की संस्तुति कर मुख्यालय को फाइल भेजी थी। इसके बाद अवर अभियंता को निलंबित कर दिया गया है। अभी विभाग के कई अधिकारी एंटी करप्शन की रडार पर हैं।
कैटरिंग के लिए संपर्क करें राधे कृष्णा कैटर्स: 9897892601


























