हापुड़, सीमन (ehapurnews.com) : जनपद हापुड़ के थाना धौलाना क्षेत्र के यूपीएसआईडीसी में शनिवार को एक केमिकल फैक्ट्री में अचानक बायलर फट गया जिससे छह लोगों की मौत हो गई. वहीं कई की हालत गंभीर बनी हुई है जिनमें से दो को मेरठ रेफर कर दिया गया है. सूचना पाकर कई विभागों के अधिकारी और कर्मचारी मौके पर पहुंचकर जांच में जुट गए हैं. वहीं दमकल की टीम भी मौके पर पहुंचे कर आग बुझाने का प्रयास कर रही है. अभी भी कई लोग फंसे हुए हैं जिन्हें निकलने के लिए अभियान चलाया रहा है.
बता दें कि मामला शनिवार का है जब धौलाना के गांव खिचरा में स्थित औद्योगिक क्षेत्र में अचानक चीख-पुकार मच गई. बॉयलर ब्लास्ट के दौरान आस-पास मौजूद फैक्ट्रियों की छतें भी उड़ गई जो सड़क पर जाकर बिखर गई. बताया जा रहा है कि इस दौरान कई लोग टीन की चपेट में भी आ गए. भीषण आग को काबू में करने के लिए दमकल विभाग की कई टीम मौके पर पहुंचकर आग को बुझाने का प्रयास कर रही हैं. बताया जा रहा है कि एक दर्जन से ज्यादा लोग आग की चपेट में आ गए जिनमें से छह की मौत हो चुकी है. कई ऐसे हैं जो अभी भी फंसे हुए हैं जिन्हें निकालने का प्रयास जारी है. प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचकर राहत कार्य में जुट गए हैं.




























