संत निरंकारी मिशन के शिविर में उमड़े रक्तदाता
हापुड़, सीमन (ehapurnews.com) : संत निरंकारी मिशन हापुड़ के तत्वाधान में रविवार को हापुड़ में रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में रक्तदान हेतु मिशन के अनुयायियों ने बढ़ चढ़कर भाग लिया जिसमें महिलाएं व पुरुष शामिल थे। गुरु तेग बहादुर अस्पताल दिल्ली व लाजपत राय मेडिकल कॉलेज मेरठ के चिकित्सकों की टीम ने रक्तदान संपन्न कराया। शिविर में सैकड़ों लोगों ने रक्तदान किया।
रक्तदान शिविर का उद्घाटन मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉक्टर सुनील त्यागी ने किया। स्वेच्छा से रक्तदान हेतु शिविर में पहुंचे लोगों ने सर्वप्रथम काउंटर पर रजिस्ट्रेशन कराया और फिर रक्तदान किया। शिविर के संयोजक डॉ एस सी चिटकारा ने बताया कि संत निरंकारी मिशन आध्यात्मिक उत्थान के साथ-साथ समाज कल्याण के कार्यों में भी अग्रणी भूमिका निभाता है। संत निरंकारी मिशन रक्तदान में देशभर में अग्रणी संस्था है। संस्था की ओर से रक्त दाताओं को प्रशस्ति पत्र प्रदान किए गए।
























