बाइक ने साइकिल में मारी टक्कर, साइकिल सवार घायल
हापुड़, सीमन (ehapurnews.com): जनपद हापुड़ के राष्ट्रीय राजमार्ग-9 की सर्विस लेन में मंगलवार की देर शाम एक बाइक ने साइकिल में टक्कर मार दी जिससे साइकिल सवार गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे के बाद बाइक सवार भाग खड़ा हुआ जिसे लोगों ने पकड़ने का प्रयास किया। वहीं साइकिल सवार के कूल्हे में अंदरूनी चोट आने से वह घायल हो गया। मामले की जानकारी मिलने पर आठ मिनट के भीतर 108 एंबुलेंस पहुंची और घायल को लेकर अस्पताल के लिए रवाना हुई।
आपको बता दें कि हापुड़ की गांव श्यामपुर ददायरा निवासी शिवकुमार मंगलवार की देर शाम पिलखुवा से साइकिल पर सवार होकर हापुड़ आ रहा था। इसी बीच पिलखुवा क्षेत्र की सर्विस रोड पर पीछे से आई एक बाइक ने साइकिल में टक्कर मार दी। टक्कर के बाद साइकिल ऑटो से जा भिड़ी। यह हादसा पिलखुवा से हापुड़ की ओर जाने वाले सर्विस लेन का है। जहां मोनाड यूनिवर्सिटी जाने वाले रास्ते के बाहर यह हादसा हुआ।
घायल को सड़क पर पड़ा देख राहगीर रुक गए जिन्होंने 108 एंबुलेंस को कॉल किया। सूचना मिलने पर एंबुलेंस चालक दिगपाल सिंह मौके पर पहुंचे। वहीं घायल के परिजन भी घटनास्थल की ओर दौड़ पड़े जो कि एंबुलेंस में मरीज को अस्पताल के लिए लेकर रवाना हुए। बताया जा रहा है कि साइकिल सवार शिवकुमार के कूल्हे में काफी चोट आई है जिसका उपचार अस्पताल में चल रहा है।



























