हापुड़, सीमन (ehapurnews.com): भारतीय किसान यूनियन के पदाधिकारियों ने वन विभाग के डीएफओ के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। किसान नेताओं ने तीसरे दिन बुधवार को भी मेरठ रोड पर स्थित संजय विहार कॉलोनी में प्रभागीय वन अधिकारी के कार्यालय पर धरना जारी रखा। किसानों का कहना है कि जब तक पर्यावरण विभाग उनकी मांगों को मान नहीं लेता तब तक वह धरना जारी रखेंगे। प्रदर्शनकारियों के मुताबिक 1985 में सरकार ने गढ़ के खादर क्षेत्र में बंगाली बसाए थे जिसे गंगानगर नाम दिया गया था। बंगालियों की नसबंदी कर उन्हें आवासीय पट्टे दिए गए थे। इस जमीन को वन विभाग खुद की जमीन बता रहा है जिसमें करीब ढाई सौ लोग रहते हैं। दिनेश खेड़ा का कहना है कि उस जमीन को वन विभाग अपनी जमीन बताकर सभी को बेघर करने की तैयारी में है जिसे वह कतई नहीं होने देंगे।


























