
बाबूगढ़: शिक्षकों पर छात्र को पीटने का आरोप, स्कूल ने नकारा
हापुड़, सीमन/अमित कुमार (ehapurnews.com): जनपद हापुड़ के थाना बाबूगढ़ कोतवाली क्षेत्र के बाबूगढ़ छावनी की बछलौता रोड पर स्थित किड्स कैसल पब्लिक स्कूल में पढ़ने वाले छात्र के अभिभावकों ने शिक्षकों पर मारपीट का आरोप लगाया है जबकि स्कूल ने इन आरोपों को पूरी तरीके से नकार दिया है। इस दौरान छात्र ने पुलिस को कॉल कर बुलाया जिसके बाद पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच पड़ताल में जुट गई। अभिभावक ने थाने में तहरीर देकर स्कूल के खिलाफ कार्रवाई की भी मांग उठाई है।
मामला सोमवार का है जब स्कूल में कक्षा छठी में पढ़ने वाले एक छात्र के पिता वेद प्रकाश निवासी ततारपुर स्कूल पहुंचे और उन्होंने स्कूल के शिक्षकों पर उनके बालक के साथ मारपीट का आरोप लगाया। वेद प्रकाश ने बताया कि उनके बेटे की नोट गिनते हुए की तीन साल पुरानी एक वीडियो को इंस्टाग्राम पर देखकर स्कूल के शिक्षकों ने उनके बेटे को जमकर पीटा। बच्चे को काफी चोट आई है।
वहीं स्कूल के डायरेक्टर कपिल भारद्वाज ने बताया कि छात्र कक्षा में अभद्र भाषा का इस्तेमाल करता है। शिक्षकों के लिए भी अमर्यादित भाषा प्रयोग की जाती है। ऐसे में छात्र को सबक सिखाने और उसके भविष्य को देखते हुए एक डंडा मारा गया था। छात्र की स्कूल की फीस भी नहीं आई है।
स्कूल के शिक्षक अनुज यादव ने भी छात्र के व्यवहार के प्रति नाराजगी ज़ाहिर की है। आपको बता दे कि सोमवार को छात्र ने ही खुद 112 डालकर पुलिस को सूचित किया। इसके बाद पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। छात्र के पिता ने थाने में तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है।
सभी प्रकार के बीमों के लिये संपर्क करें : 9756129288






























