हापुड़, सूवि (ehapurnews.com):अपर जिलाधिकारी श्रृद्धा शांडिल्यायन व अपर पुलिस अधीक्षक सर्वेश कुमार की अध्यक्षता में सोमवार को कलैक्ट्रेट भवन सभागार में जनपद में दीपावली मेले के आयोजन के संबंध में जनपद स्तरीय अधिकारियों के साथ बैठक का आयोजन किया गया।
बैठक में अपर जिलाधिकारी द्वारा निर्देश दिए गए कि दीपावली के अवसर पर स्ट्रीट वेंडर/पथ विक्रेताओं को सामग्री विक्रय कर अपने आय अतिरिक्त रूप से बढ़ाने हेतु एक प्लेटफार्म स्थानीय स्तर पर नियोजित रूप से आकर्षक मेले के आयोजन के माध्यम से उपलब्ध कराया जाना है। इस उद्देश्य के दृष्टिगत समस्त नगर पालिकाओं में नियोजित रूप से दीपावली मेला भली-भांति आयोजित कराए जाने के निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिए गए।
बैठक में अपर जिलाधिकारी ने कहा दीपावली का पर्व 04 नवंबर 2021 को होना है। उन्होंने दीपावली पर्व के आयोजन हेतु खुले मैदान में स्थल का चयन किये जाने के साथ-साथ पटरी विक्रेताओं हेतु उचित स्थल का चिन्हंाकन, फूड स्टाॅल, आदि हेतु पर्याप्त स्थान की सुविधा, पार्किंग आदि विभिन्न व्यवस्थाओं को सुनिश्चित किये जाने के निर्देश दिये। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि जनपद में खुले में पटाखों की बिक्री न होने पाए ।इसका विशेष ध्यान रखा जाए। उन्होंने कहा कि पटाखों की बिक्री हेतु अलग से पर्याप्त स्थान चिन्हित कर दुकान लगवाए जाएं। शासन द्वारा दिए गए निर्देशों का अक्षर से पालन कराना सुनिश्चित करेंगे। मानक से अधिक ध्वनि वाले पटाखों की बिक्री न होने पाए।

































