हापुड़, सीमन/संजय कश्यप (ehapurnews.com): आवारा पशुओं द्वारा खेती को पहुंचाए जा रहे भारी नुकसान से सोमवार को ग्रामीणों का गुस्सा फूट पड़ा और ग्रामीणों ने आवारा पशुओं को पकड़ कर एक स्कूल में बंद कर कुंडी लगा दी और स्कूली छात्र-छात्राएं स्कूल गेट पर खड़े होकर बाट जोहते रहे। यह मामला सिम्भावली ब्लाक के गांव मुरादपुर निजामसर का है।
ग्रामीणों ने बताया कि गांव में आवारा मवेशियों की भरमार है। ये मवेशी खेतों में घुस पर फसलों को नष्ट कर देते है। गांव सचिव का ध्यान इस ओर कई बार दिलाया गया कि वह छुट्टा मवेशियों को पकड़वाने का इंतजाम करें, परंतु ग्राम सचिव ने ग्रामीणों की समस्या पर ध्यान नहीं दिया।
सोमवार की सुबह ग्रामीणों का गुस्सा फूट पड़ा और उन्होंने आवारा पशुओं को पकड़ कर मुरादपुर निजामसर के प्राथमिक विद्यालय परिसर में छोड़ दिया और विद्यालय के गेट पर कुंडी लगा दी। विद्यालय पहुंचे छात्र गेट पर ही खड़े रहे।
बाद में ग्रामीणों ने बच्चों की पढ़ाई के मद्देनजर आवारा पशुओं को वाहन में लादकर अन्यत्र भेजा। ग्रामीणों ने चेतावनी दी है कि यदि ग्राम सचिव ने आवारा पशुओं को पकड़वाने की व्यवस्था नहीं की तो वे आंदोलन चलाएंगे।
हापुड़ में चखे अमृतसरी छोले और चूर-चूर नान का स्वाद: 8979755041, 7055225333

























