
IIA की बैठक में मिडिल ईस्ट में जारी युद्ध का भारतीय उद्योगों पर पड़ने वाले प्रभावों का विश्लेषण
हापुड़, सीमन (ehapurnews.com): इंडियन इंडस्ट्रीज एसोसिएशन, धीरखेड़ा हापुड़ चैप्टर द्वारा चेयरमैन पवन शर्मा की अध्यक्षता में सोसाइटी भवन, धीरखेड़ा में एक महत्वपूर्ण मंथन बैठक का आयोजन किया गया। बैठक का मुख्य विषय मिडिल ईस्ट में जारी युद्ध के कारण भारतीय उद्योगों पर पड़ने वाले प्रभावों का विश्लेषण करना था।
बैठक में विशेष रूप से औद्योगिक इकाइयों के समक्ष उत्पन्न हो रही चुनौतियों पर चर्चा की गई, जिनमें सबसे प्रमुख समस्या पीएनजी (पाइप्ड नेचुरल गैस) की आपूर्ति को लेकर रही। इस महत्वपूर्ण विषय पर विस्तार से जानकारी देने हेतु इंद्रप्रस्थ गैस लिमिटेड (IGL) के वरिष्ठ प्रबंधक विश्वेंद्र सिंह एवं अतिरिक्त महाप्रबंधक अभिषेक कुमार सिंह को आमंत्रित किया गया।
विश्वेंद्र सिंह ने अपने संबोधन में बताया कि इंद्रप्रस्थ गैस लिमिटेड द्वारा धीरखेड़ा इंडस्ट्रियल एरिया में पीएनजी पाइपलाइन का नेटवर्क पूर्ण रूप से बिछाया जा चुका है। उन्होंने यह भी जानकारी दी कि क्षेत्र के कई उद्यमियों ने अपने-अपने औद्योगिक परिसरों में पीएनजी कनेक्शन स्थापित कर लिया है और इसका सफलतापूर्वक उपयोग कर रहे हैं जिन उद्यमियों ने अभी तक पीएनजी कनेक्शन नहीं लिया है, उनके लिए बैठक में आवेदन प्रक्रिया, सिक्योरिटी डिपॉजिट, गैस की दरें, तथा सप्लाई की व्यवस्था आदि के संबंध में विस्तृत जानकारी प्रदान की गई। उन्होंने स्पष्ट किया कि इंद्रप्रस्थ गैस लिमिटेड के पास पर्याप्त मात्रा में पीएनजी उपलब्ध है और सभी उद्योगों को निर्बाध आपूर्ति सुनिश्चित की जाएगी। अतः उद्यमियों को गैस की कमी को लेकर किसी प्रकार की चिंता करने की आवश्यकता नहीं है।
चैप्टर चेयरमैन पवन शर्मा ने आईजीएल के अधिकारियों का आभार व्यक्त करते हुए सभी उद्यमियों से अपील की कि वे अपने औद्योगिक परिसरों में शीघ्रातिशीघ्र पीएनजी पाइपलाइन कनेक्शन स्थापित कराएं, ताकि उत्पादन कार्य बिना किसी बाधा के सुचारू रूप से चलता रहे।
बैठक के दौरान सचिव लवलीन गुप्ता एवं कोषाध्यक्ष सौरभ अग्रवाल द्वारा आईजीएल के अधिकारियों का पुष्पगुच्छ भेंट कर सम्मान किया गया। इस अवसर पर प्रमुख रूप से शांतनु सिंघल, वैभव गुप्ता, मुदित बंसल, संजीव जुनेजा, आकाश शर्मा, निखिल गुप्ता, प्रशांत शर्मा, संजय गोयल, राजीव गर्ग, आयुष गर्ग सहित अनेक उद्यमी बंधु उपस्थित रहे।
गाय व भैंस के दूध का शुद्ध घी खरीदने के लिए संपर्क करें: 9068607739

































