हापुड़, सीमन (ehapurnews.com) : जनपद हापुड़ के थाना पिलखुवा कोतवाली क्षेत्र की रिलायंस रोड पर सोमवार को फिनो पेमेंट बैंक के रिटेलर राहुल रस्तोगी के साथ हुई करीब डेढ़ लाख की लूट के मामले में लूट का खुलासा करने के लिए पुलिस अधीक्षक दीपक भूकर ने टीम का गठन कर दिया है थाना पुलिस के साथ एसओजी टीम भी बदमाशों की धरपकड़ के लिए जुट गई है। संभावना है कि बदमाश कई दिनों से बैंक रिटेलर राहुल रस्तोगी की रेकी कर रहे थे। एजेंट प्रतिदिन डेढ़ से तीन बजे के बीच कैश लेकर कंपनी से निकलता है। ऐसे में लग रहा है कि बदमाशों को पहले से ही एजेंट के निकलने की जानकारी थी।
पिलखुवा सीओ वरुण मिश्रा ने बताया कि सोमवार को बैंक रिटेलर राहुल निवासी गाज़ियाबाद शास्त्री नगर के साथ बाइक सवार बदमाशों ने लूट की घटना को अंजाम दिया। राहुल प्रतिदिन की तरह करीब डेढ़ बजे रिलायंस रोड पर स्थित नंदनी कंपनी से डेढ़ लाख रुपए से भरा नोटों का बैग लेकर बाइक से गाजियाबाद के लिए निकला। जैसे ही वह शराब के ठेके के पास पहुंचा तो बाइक सवार दो बदमाश पीछे से आए और ओवर टेक कर राहुल को रोक लिया और तमंचा दिखाकर उससे नोटों से भरा बैग और मोबाइल फोन लूट लिया। इसके बाद राहुल कंपनी पहुंचा और मामले की जानकारी मैनेजर राहुल भारद्वाज को दी जिसने पुलिस को मामले से अवगत कराया।
घटना की जानकारी मिलने पर पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। एसपी ने आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए टीमों का गठन कर दिया। पुलिस सीसीटीवी को खंगाल कर आरोपियों की धरपकड़ में जुट गई है।




























