हापुड़, सीमन (ehapurnews.com) : ट्रेनों में यात्रियों को निशाना बनाकर उनके मोबाइल, पर्स चुराने और छीनने वाले एक गिरोह का जीआरपी ने खुलासा किया है. जीआरपी ने मामले में तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है जिनसे पुलिस ने 23 मोबाइल, एक लैपटॉप, 13,000 रुपए नकद बरामद किए हैं. बरामद माल की कीमत चार लाख रुपए बताई जा रही है. रेलवे पुलिस अधीक्षक मुरादाबाद अपर्णा सिंह ने बताया कि मामले में गुलफाम, प्रवीण कुमार और जावेद को हापुड़ के दोयमी के पास से गिरफ्तार किया गया है. गिरोह का सरगना प्रवीण है.
दरअसल दिल्ली से बरेली जाने वाली ट्रेनों में खिड़की पर बैठे यात्रियों को यह शातिर बदमाश अपना निशाना बनाकर उनके मोबाइल, पर्स चोरी कर लेते थे या मौका देख कर लूट लेते थे. कानून के शिकंजे से बचने के लिए आरोपी बार-बार अपना ठिकाना बदलते थे. जीआरपी ने यात्री की शिकायत पर मामला दर्ज कर जांच शुरू की और 30 घंटे के भीतर घटना का पर्दाफाश करते हुए हापुड़ के गांव अच्छेजा निवासी गुलफाम, बुलंदशहर निवासी प्रवीण कुमार तथा हापुड़ के रफीक नगर निवासी जावेद को जीआरपी ने गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है. बता दें कि गुलफाम, प्रवीण पर 8-8 मुकदमे दर्ज हैं जबकि जावेद पर 6 मुकदमे दर्ज हैं. इस गिरोह का मास्टरमाइंड प्रवीण कुमार पुत्र अतर सिंह है जो बेहद ही शातिर तरीके से घटना को अंजाम देता था. जीआरपी ने तीनों से चार लाख का माल बरामद किया है.
































