हापुड़, सीमन (ehapurnews.com): हापुड़ सदर सीट से बसपा के प्रत्याशी मनीष सिंह उर्फ मोनू और उनके बेटे अरनव राजस्थान में हुए एक सड़क हादसे के दौरान गंभीर रूप से घायल हो गए. कार में उनकी पत्नी और ड्राइवर भी सवार थे जो कि बाल-बाल बच गए. यह सड़क हादसा गाय को बचाने के चलते जयपुर हाईवे पर हुआ. मामले की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को अस्पताल पहुंचाया.बता दें कि बसपा के प्रत्याशी मनीष सिंह उर्फ मोनू अपने परिवार के साथ जयपुर में आयोजित एक पारिवारिक कार्यक्रम में हिस्सा लेने गए थे. वापस लौटते समय कार के सामने अचानक एक गाय आ गई जिसे बचाने के चलते कार चालक ने गाड़ी से नियंत्रण खो दिया और गाड़ी पलट गई. जयपुर हाईवे पर हुए इस हादसे में मनीष और उनके बेटे को गंभीर चोटें आई हैं. बताया जा रहा है कि मोनू के शरीर में फ्रैक्चर भी हुआ है. सूचना पाकर पहुंची पुलिस ने घायलों को अस्पताल पहुंचाया. हादसे में मोनू की पत्नी और ड्राइवर बाल-बाल बच गए. घायलों का इलाज जारी है.





























