
दौड़ लगाने गए किशोर के साथ मारपीट, जबरन पिलाया ज़हर
हापुड़, सीमन (ehapurnews.com): जनपद हापुड़ के थाना पिलखुवा कोतवाली क्षेत्र के गांव बझेड़ा खुर्द में 17 वर्षीय किशोर दौड़ लगाने के लिए गया था कि चार नकाबपोश युवकों ने उसकी पिटाई की और गाड़ी में बैठा लिया। आरोप है कि आरोपियों ने उसे जबरन जहर पिला दिया। गंभीर हालत में उसे गाजियाबाद के अस्पताल में भर्ती कराया गया जहां उसका उपचार जारी है। युवक की हालत भी गंभीर बताई जा रही है। पुलिस ने मामले में मुकदमा दर्ज कर लिया है।
गांव निवासी अनिल ने बताया कि 30 जुलाई की सुबह लगभग 6:30 बजे उसका बेटा मुकुल दौड़ लगाने के बाद गांव के बाहर पटरी पर बैठा था। तभी गाड़ी में सवार चार लोग वहां पहुंचे और मुकुल को पीटने लगे। मुकुल ने जब विरोध किया तो उसे जान से मारने की धमकी दी। आरोपियों ने जबरन जहर की बोतल मुकुल के मुंह में उडेल दी। इसके बाद वह मौके पर ही बेहोश हो गया। कार सवार मौके से फरार हो गए। मौके से गुजर रहे ग्रामीणों ने अनिल को सूचना दी जिसके बाद तुरंत वह मौके पर पहुंचे और पुत्र को अस्पताल में भर्ती कराया जहां उसकी हालत गंभीर बनी हुई है।
सभी प्रकार के बीमों के लिये संपर्क करें : 9756129288































