हापुड़, सीमन (ehapurnews.com) : हापुड़ की बुलंदशहर रोड पर स्थित मोहल्ला मजीदपुरा की गली नंबर ज़ीरो में बारिश होने से कई विभागों की लापरवाही सामने आई है. यहां हुई बारिश से जगह-जगह से सड़क ढह गई है जिसमें एक स्थानीय व्यक्ति की टांग में चोट आई हैं. हाल ही में क्षेत्र में सीवर लाइन बिछाने का कार्य हुआ था जहां हुई बारिश के बाद जगह-जगह से मिट्टी बह गई और सड़क धंस गई. स्थानीय लोगों ने विभागों का ध्यान इस ओर आकर्षित किया है.
बता दें कि मजीदपुरा की गली नंबर 0 का यह मामला है. बुधवार की सुबह जब लोग उठे तो देखा कि सड़क पर गहरे-गहरे गड्ढे हो गए. कई फीट गहरे हुए इन गड्ढों में स्थानीय युवक शोएब भी फंसा हुआ था जिसे लोगों ने कड़ी मशक्कत के बाद बाहर निकाला. बताया जा रहा है कि सड़क के नीचे की मिट्टी बहने से सड़क धंस गई और क्षेत्र में यह हालात बन गए हैं जो जानलेवा साबित हो सकते हैं. ऐसे में स्थानीय लोगों ने अधिकारियों से मांग की है कि उनकी समस्याओं का समाधान कराया जाए.




























