हापुड़, सीमन (ehapurnews.com) : हापुड़ में खुला गड्ढा हादसों को दावत दे रहा है। मौत को आमंत्रण देता ये गड्ढा शहर के व्यस्त इलाकों में से एक का है। हापुड़ की मेरठ रोड पर स्थित आवास विकास कॉलोनी में टू-व्हीलर फ्लाईओवर से उतरने के बाद आपको यह लापरवाही का मंजर नजर आएगा। पुल से उतरने के बाद चौराहे की ओर बढ़ते समय सीधे हाथ पर सरकारी नुमाइंदों की लापरवाही आपसे रुबरु होगी।
दरअसल 12 दिन पहले हापुड़ की मेरठ रोड पर स्थित आवास विकास कॉलोनी में पाइपलाइन लीक हो गई थी। मौके पर पहुंची टीम ने पाइपलाइन को ठीक कर दिया लेकिन उसके बाद यह ढाई फुट गहरा गड्ढा सड़क हादसों के लिए खुला छोड़ दिया। यह सड़क काफी व्यस्त रहती है जिसके चलते आए दिन लोग हादसे का शिकार हो रहे हैं। यहां किसी तरह का कोई चेतावनी का बोर्ड नहीं लगाया गया है जिससे हादसा होने की संभावना को बल मिल रहा है। स्थानीय लोगों में काफी गुस्सा है। उनकी मांग है कि जल्द से जल्द इस गड्ढे को भरा जाए।
Property Mela: खरीदें प्लॉट व फ्लैट, कॉल करें 9540030099

































