
हापुड़, सीमन (ehapurnews.com): जनपद हापुड़ के थाना बाबूगढ़ कोतवाली क्षेत्र के राष्ट्रीय राजमार्ग-9 पर स्थित गांव बछलौता अंडरपास के पास हाईवे किनारे एक गाड़ी सड़क किनारे खड़े कैंटर में जा टकराई। सड़क हादसे के दौरान चीख पुकार मच गई। इस दौरान आधा दर्जन लोग घायल हो गए जिसमें महिलाएं और बच्चे भी शामिल है। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायलों को तत्काल अस्पताल में भर्ती कराया और कैंटर चालक की तलाश शुरू कर दी।
मामला गुरुवार की सुबह का है जब जनपद हापुड़ के थाना सिंभावली क्षेत्र के गांव फुलदेहरा का राहुल कार में अपने परिवार के साथ भाई सोहनवीर की बारात से लौट रहा था। बारात पिलखुवा के गांव सिखेड़ा में बुधवार की रात गई थी। गाड़ी में राहुल, मनवीर सिंह, अमर कौर, बीना, ज्योति और प्रवाह सवार थे। गाड़ी तड़के 6:00 बजे जब बछलौता अंडरपास के पास पहुंची तो चालक का नियंत्रण गाड़ी से खो गया जिसके बाद गाड़ी हाईवे किनारे खड़े कैंटर से जा टकराई। सड़क हादसा इतना जोरदार था कि गाड़ी पूरी तरीके से क्षतिग्रस्त हो गई और उसमें सवार सभी लोग बुरी तरह फंस गए। उसके बाद सूचना पर पहुंची पुलिस ने कड़ी मशक्कत के बाद सभी को बाहर निकाला और एंबुलेंस से अस्पताल पहुंचाया जिनमें से ज्योति और प्रवाह की हालत गंभीर बनी हुई है। पुलिस ने क्षतिग्रस्त वाहनों को कब्जे में ले लिया है।
































