अंतर्राज्यीय हथियार सप्लायर्स से हथियारों का जखीरा मिला
हापुड़, सीमन (ehapurnews.com) : जनपद हापुड़ के थाना हापुड़ देहात पुलिस ने अंतर्राज्यीय हथियार सप्लाई करने वाले गिरोह के तीन बदमाशों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने हथियार सप्लायर्स के कब्जे से दो पिस्टल, पांच तमंचे तथा 8 कारतूस व एक बाइक बरामद की है। पकड़े गए हथियार सप्लायर्स बुलंदशहर से हथियार खरीद कर हरियाणा व उत्तर प्रदेश के विभिन्न जनपदों में आन डिमांड गुंडों को हथियार सप्लाई करते थे। हथियार सप्लायर एक तमंचे को पांच से सात हजार रुपए तथा पिस्टल को 50 हजार से एक लाख रुपए तक में बेचते थे।
जनपद हापुड़ के पुलिस अधीक्षक दीपक भूकर ने बताया कि थाना हापुड़ देहात पुलिस के प्रभारी आशीष कुमार पुलिस बल के साथ दौमी पुल के पास चैकिंग कर रहे थे कि पुलिस ने तीन बदमाशों को धर दबोचा। पकड़े गए बदमाश जनपद बुलंदशहर के थाना जेवर के अहमदगढ़ी का आकाश व हरीश है तथा जनपद बुलंदशहर के थाना ककोड़ के गांव बेलाना का मोहित है। पुलिस ने बदमाशों के कब्जे से उम्दा किस्म के दो पिस्टल, पांच तमंचे, 8 जिंदा कारतूस, तथा एक चोरी की बाइक बरामद की है। आरोपी हरियाणा व अन्य जनपदों में आन डिमांड पिस्टल व तमंचे सप्लाई करते थे। पुलिस इस अंतर्राज्यीय गिरोह के अन्य सदस्यों की तलाश कर रही है।


























