हापुड़, सीमन (ehapurnews.com):हापुड़ के मोहल्ला बैंक कॉलोनी श्रीनगर निवासी सर्राफ राकेश कुमार वर्मा के बेटे कृष्णा वर्मा की शादी में नौ लाख रुपए से भरा एक बैग चोरी हो गया. मामला गाजियाबाद के थाना मसूरी क्षेत्र का है. पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है और सीसीटीवी के आधार पर आरोपी को तलाशने में जुटी है.
बता दें कि बैंक कॉलोनी श्रीनगर निवासी राकेश कुमार वर्मा की मोहल्ले में ही कृष्णा ज्वेलर्स के नाम से दुकान है. उनके बेटे कृष्णा की शादी आगरा निवासी वर्णिका वर्मा के साथ तय हुई थी. पांच फरवरी को गाजियाबाद के थाना मसूरी क्षेत्र में स्थित वेदांता फार्म हाउस में शादी समारोह था. रात करीब 12 बजे बैग को कुर्सी पर रख दिया जिसमें शादी में खर्च के लिए छह लाख और टीके में आए करीब तीन लाख रुपए के लिफाफे रखे थे. इसी दौरान चोर ने मौका पाकर बैग पर हाथ साफ कर दिया और नोटों से भरा बैग उड़ा लिया. बैग गायब देख पीड़ित परिवार के होश उड़ गए. उसने तुरंत मामले की सूचना पुलिस को दी. पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी. चोरी की घटना सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई.
अब घर बैठे कराएं इंश्योरेंस: 9756129288


























