हापुड़, सीमन (ehapurnews.com): जनपद हापुड़ के थाना बहादुरगढ़ क्षेत्र के गांव शेरपुर में दो लोगों के बीच किसी बात को लेकर कहासुनी हो गई जिसने जबरदस्त पथराव का रूप ले लिया। पथराव इतना भयंकर हुआ कि सड़कों पर ईंट पत्थर बिछ गए जिससे ग्रामीणों में दहशत मच गई। उन्होंने पुलिस को मामले की जानकारी दी। सूचना पर पहुंची पुलिस ने जांच शुरू की और दोनों पक्षों की ओर से घायल हुए चार लोगों को अस्पताल में भर्ती कराया। साथ ही छह को हिरासत में लेकर जांच शुरू कर दी है।
बताया जा रहा है कि यह सारा विवाद ऑटो में सवारी बैठाने के चलते हुआ। दरअसल गांव निवासी सैफ अली और नसीम गढ़ से शेरपुर के बीच ऑटो चलाते हैं। सोमवार को दोनों के बीच गढ़मुक्तेश्वर में सवारी बैठाने को लेकर कहासुनी हो गयी। मौके पर मौजूद लोगों ने दोनों का समझौता कराकर मामला शांत कराया लेकिन जैसे ही दोनों गांव पहुंचे तो कहासुनी शुरू हो गई जिसने मारपिटाई का रूप ले लिया। मारपीट धीरे-धीरे बढ़ने लगी और पत्थरों में तब्दील हो गई। पथराव देख लोगों ने पुलिस को मामले की जानकारी दी जिसने मौके पर पहुंचकर मामला शांत कराया और छह को हिरासत में लिया। इस दौरान चार लोग घायल हो गए। स्थिति को देखते हुए मौके पर पुलिस फोर्स तैनात है।


























