हापुड़, सीमन (ehapurnews.com): हापुड़ की दिल्ली रोड पर स्थित एसएसवी पीजी कॉलेज में शुक्रवार को परीक्षा के दौरान ताक-झांक करने से रोकने पर गुस्साए छात्रों ने शिक्षक को कॉलेज के बाहर पीटा जिसके बाद शिक्षक ने भागकर अपनी जान बचाई। शिक्षक की तहरीर के आधार पर पुलिस ने एनसीआर कॉलेज के छात्र के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। शिक्षकों का कहना है कि छात्र के खिलाफ कड़ी कार्रवाई होनी चाहिए।
हापुड़ की दिल्ली रोड पर स्थित एसएसवी पीजी कॉलेज में शुक्रवार को एमबीबीएस की परीक्षा चल रही थी जहां एमबीबीएस के छात्र द्वितीय पाली में प्रोफेशनल पार्ट-2 की परीक्षा दे रहे थे जहां मेरठ जनपद के नालपुर स्थित एनसीआर मेडिकल कॉलेज के छात्र भी परीक्षा में मौजूद थे।
एनसीआर कॉलेज के कुछ छात्र परीक्षा के दौरान तांकझाँक करने लगे जिन्हें हिंदी विभाग के असिस्टेंट प्रोफेसर राकेश कुमार ने ऐसा करने से मना कर दिया जिससे गुस्साए छात्रों ने कॉलेज के बाहर प्रोफेसर राकेश कुमार के सिर और चेहरे पर लगातार वार किए और उन्हें जमकर पीटा। इसी बीच अन्य शिक्षक भी मौके पर पहुंचे जिन्हें देख छात्र मौके से भाग खड़े हुए। तहरीर के आधार पर पुलिस ने एनसीआर कॉलेज के छात्र के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है।
कॉलेज ने सारी जानकारी चौधरी चरण सिंह यूनिवर्सिटी के कुलसचिव को पत्र लिख कर दी है। एसएसवी कॉलेज के सचिव अमित अग्रवाल जॉनी छावनी वालों का कहना है कि कॉलेज लगातार पारदर्शिता के साथ परीक्षा करा रहा है। यदि शिक्षकों की कॉलेज के बाहर पिटाई होगी तो नकलविहीन परीक्षा कराना संभव नहीं होगा। ऐसे मामले में सख्त कार्रवाई होनी चाहिए।
किफायती दामों पर खरीदें टाइल्स: 9837824010

























