हापुड़, सीमन (ehapurnews.com): जनपद हापुड़ के बहादुरगढ़ क्षेत्र के अंतर्गत सोमवार की देर शाम एक चलती गाड़ी में अचानक आग लग गई। कार चालक ने किसी तरह गाड़ी से कूदकर अपनी जान बचाई। मौके पर अफरा-तफरी की स्थिति बन गई और लोगों ने घटना से जुड़ा वीडियो अपने कैमरे में कैद कर लिया।
बहादुरगढ़ कस्बा निवासी इजलाल खान सोमवार की शाम को अपनी गाड़ी में सवार होकर दिल्ली के लिए जा रहे थे। गाड़ी बहादुरगढ़ क्षेत्र के पलवाड़ा रोड पर पहुंची तो कार में पीछे की तरफ अचानक आग लग गई। इजलाल खान ने सड़क किनारे गाड़ी को रोक उसमें से छलांग लगा दी। वहीं सड़क पर चल रहे यात्री भी इस दौरान रुक गए और आग को बुझाने का प्रयास किया। धीरे-धीरे आग ने विकराल रूप धारण कर लिया और गाड़ी में लगी आग बढ़ती चली गई। मामले की जानकारी मिलने पर दमकल कर्मी मौके पर पहुंचे और कड़ी मशक्कत कर आग को काबू में किया। बताया जा रहा है कि शॉर्ट सर्किट की वजह से गाड़ी में आग लगी। फिलहाल बड़ा हादसा होने से टल गया।





























