डॉ खत्री ने किया भ्रूण लिंग जांच कराने वाले गिरोह का पर्दाफाश
हापुड़, सीमन (ehapurnews.com) : हापुड़ सीएचसी प्रभारी डॉ दिनेश खत्री ने कोतवाली पुलिस के साथ मिलकर अमरोहा में भ्रूण लिंग की जांच कराने वाले गिरोह का पर्दाफाश किया है। हरियाणा से भ्रूण लिंग की जांच कराने एक महिला अमरोहा के हसनपुर पहुंची। महिला के साथ-साथ टीम ने दलाल और हापुड़ के सबली निवासी राहुल गिरी समेत कई को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। यह गिरोह महिला के भ्रूण लिंग की जांच कराने के लिए 25 से तीस हजार रुपए लेते हैं।
सीएचसी प्रभारी डॉ दिनेश खत्री के अनुसार उन्हें गुरुवार की रात को सूचना मिली कि हरियाणा के सोहना निवासी मीना अपने पति सतीश के साथ भ्रूण लिंग की जांच कराने के लिए जनपद अमरोहा के हसनपुर जा रही है। इसके लिए उसने मोदीनगर के दलाल नरेंद्र से संपर्क साधा। नरेंद्र गर्भवती महिला के साथ हापुड़ भी पहुंचा और इसके पश्चात उसकी मुलाकात आशा अनीता के साथ हुई। आशा अनीता, गांव सबली निवासी राहुल गिरी पुत्र भीषण गिरी, जनपद गाजियाबाद के मोदीनगर क्षेत्र निवासी नरेंद्र गर्भवती महिला को लेकर अमरोहा के हसनपुर के लिए रवाना हुए। टीम भी पीछे-पीछे हसनपुर पहुंची जहां एक अल्ट्रासाउंड सेंटर पर महिला के भ्रूण लिंग की जांच की गई। टीम ने इस दौरान आरोपियों को रंगे हाथों दबोच लिया। इस दौरान मीना, सतीश, अनीता, नरेंद्र, राहुल तथा अल्ट्रासाउंड सेंटर पर तैनात आरोपी तिलकराज को गिरफ्तार कर लिया।
इस दौरान ग्रामीणों ने हंगामा भी किया लेकिन स्थानीय पुलिस ने मौके पर पहुंचकर ग्रामीणों को शांत कराया। बताया जा रहा है कि भ्रूण लिंग की जांच का सौदा 25,000 रुपए में तय हुआ था। यह अवैध धंधा ओडिशा निवासी वैद्यनाथ नायक के इशारे पर चल रहा था जिसके अमरोहा के हसनपुर क्षेत्र में करीब 12 अल्ट्रासाउंड सेंटर हैं। पुलिस मास्टरमाइंड की तलाश में जुट गई है।

























