हजारों श्रद्धालुओं ने लंगर छका
हापुड़, सीमन (ehapurnews.com) : सिक्ख धर्म के अनुयायियों ने गुरुवार को हापुड़ में श्री गुरु गोविंद सिंह जी का प्रकाश गुरुपर्व बड़े ही धूमधाम के साथ आदर और श्रद्धाभाव से मनाया। हापुड़ के मेरठ तिराहा पर स्थित श्री गुरुनानक दरबार गुरुद्वारा सहित हापुड़ के सभी गुरुद्वारों पर विशेष रोशनी की गई और लंगर आयोजित किए गए। गुरुद्वारों में अखंड पाठ के भोग डाले गए और संकीर्तन का आयोजन किया गया। गुरुवाणी के स्वरों से हापुड़ नगरी निहाल हो उठी।
हापुड़ के मेरठ तिराहा पर स्थित यूपी सिक्ख मिशन के श्री गुरुनानक दरबार गुरुद्वारा में गुरुवार को आयोजित लंगर में सेवाएं देने के लिए महिलाएं व पुरुष गुरुद्वारा पहुंच गए। महिलाओं ने चपातियां तैयार करने में अपनी-अपनी सेवाएं दी।
श्री गुरुनानक दरबार परिसर में आयोजित लंगर में महिलाओं व पुरुषों सहित हजारों श्रद्धालुओं ने प्रसाद ग्रहण कर सिक्ख धर्म के प्रति अपनी अटूट आस्था व्यक्त की औऱ लंगर में सेवाएं देकर गर्व महसूस किया।
यूपी सिक्ख मिशन के प्रभारी सरदार ब्रजपाल सिंह ने नागरिकों को गुरुपर्व की बधाई दी और कहा कि सिख गुरुओं का बलिदान व त्याग हमें देशभक्ति की प्रेरणा देता है। मनुष्य को सिख गुरुओं के आदर्शों पर चलना चाहिए।


























