हापुड़, सीमन (ehapurnews.com) : हापुड़ के देवलोक कॉलोनी निवासी व बीएसएफ में एएसआई के पद पर तैनात रहे बलवीर सिंह का शुक्रवार को अस्पताल में उपचार के दौरान निधन हो गया जिनका अंतिम संस्कार जनपद हापुड़ के गढ़मुक्तेश्वर स्थित बृजघाट में गंगा किनारे किया गया। इस दौरान बलवीर सिंह को श्रद्धासुमन अर्पित करने सैकड़ों लोग पहुंचे। वहीं हापुड़ विधायक विजयपाल आढ़ती, गढ़मुक्तेश्वर के विधायक हरेंद्र सिंह तेवतिया, गढ़ के पूर्व विधायक कमल सिंह मलिक, नगर पालिका परिषद हापुड़ के चेयरमैन प्रफुल्ल सारस्वत आदि इस दौरान मौजूद रहे।
शहीद बलवीर सिंह का पार्थिव शरीर जब बाबूगढ़ के कुचेसर रोड चौपला पर पहुंचा तो उनके अंतिम दर्शन करने के लिए लोगों का हुजूम उमड़ा। भारत माता की जय और बलवीर सिंह अमर रहे के नारों के साथ इलाका देशभक्ति के रंग में रंग गया। बलवीर सिंह के निधन से हर किसी की आंखें नम है।
बता दें कि मूलरूप से गांव रसूलपुर बहलोलपुर निवासी बलवीर सिंह सीमा सुरक्षा बल में 71वीं बटालियन में एएसआई के पद पर तैनात थे। बटालियन के असिस्टेंट कमांडेंट मनोज कुमार ने बताया कि बलवीर सिंह अमृतसर के तरनतारन में तैनात थे जिनका उपचार के दौरान शुक्रवार अस्पताल में निधन हो गया।
रविवार को शहीद बलवीर सिंह का पार्थिव शरीर जनपद हापुड़ के कुचेसर रोड चौपला पर पहुंचा। इस दौरान बलवीर सिंह के अंतिम दर्शन और उनके पार्थिव शरीर को कांधा देने के लिए लोगों का हुजूम उमड़ा। बलवीर सिंह के निधन से परिजनों में कोहराम मचा है। कुचेसर रोड चौपला से बलवीर का पार्थिव शरीर गांव पहुंचा जहां लोगों ने अंतिम दर्शन किए जिसके बाद बृजघाट में गंगा किनारे बलवीर का अंतिम संस्कार किया गया।


























