हापुड़, सीमन (ehapurnews.com) : हापुड़ के ततारपुर गोल चक्कर पर शनिवार की रात को हुए बाइक और ट्रक की भिड़ंत से हुए दर्दनाक सड़क हादसे में बाइक सवार एक युवक ने दम तोड़ दिया जबकि एक का उपचार चल रहा है। पुलिस ने रोड़ी से भरे ट्रक का पीछा कर उसे अपने कब्जे में लेकर चालक को हिरासत में ले लिया। वहीं पुलिस ने शव का पंचनामा भरकर उसे पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
मामला शनिवार की रात का है जब हापुड़ के हरजसपुरा निवासी शिवम पुत्र ओमी लाल अपने एक दोस्त के साथ बाइक से सिंभावली के गांव वैठ गए हुए थे। वापस लौटते समय जैसे ही शिवम की बाइक रात करीब 10:30 बजे जनपद हापुड़ के थाना देहात क्षेत्र के ततारपुर फ्लाईओवर के नीचे गोल चक्कर पर पहुंची तो रोड़ी से भरे एक ट्रक ने बाइक में टक्कर मार दी। बताया जा रहा है कि बाइक सिंभावली की ओर से हापुड़ की ओर जा रही थी और ट्रक दिल्ली की ओर से मेरठ बायपास की तरफ जा रहा था।
हादसा इतना भयंकर था कि शिवम की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे की आवाज सुनकर मौके पर मौजूद पुलिसकर्मी घटनास्थल की ओर दौड़े और घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया जहां चिकित्सकों ने शिवम को मृत घोषित कर दिया जबकि अन्य बाइक सवार का उपचार जारी है। इस बीच ट्रक का चालक मौके से भागने लगा जिसे पुलिस ने हिरासत में ले लिया। इसके साथ ही ट्रक को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी।


























