हापुड़, सीमन (ehapurnews.com) : जनपद हापुड़ के सिंभावली में स्थित सिंभावली शुगर मिल के पावर प्लांट के टरबाइन में फॉल्ट होने से टरबाइन का दो किलो वजनी हिस्सा आधा किलोमीटर दूर एक मकान पर जाकर गिरा। यह टुकड़ा रेलवे रोड निवासी दिनेश शर्मा के घर की रसोई की दीवार को तोड़ता हुआ अंदर पहुंच गया जिससे घर में मौजूद लोगों में अफरा-तफरी मच गई। इस दौरान रसोई में रखा सामान भी क्षतिग्रस्त हो गया। वहीं मिल प्रबंधन का कहना है कि इस दौरान उन्हें करोड़ों रुपए का नुकसान हुआ है।
सिंभावली शुगर मिल में स्थित पावर प्लांट के टरबाइन में गुरुवार की रात को अचानक फॉल्ट हो गया जिससे टरबाइन बंद हो गया। इस दौरान टरबाइन के लोहे के बड़े-बड़े टुकड़े इधर-उधर बिखर गए। दो किलो वजनी लोहे का एक हिस्सा आधा किलोमीटर दूर दिनेश शर्मा के घर की रसोई की दीवार को तोड़ता हुआ अंदर जा गिरा। धमाके की आवाज सुनकर दिनेश शर्मा और परिजनों में दहशत फैल गई। पावर प्लांट के सीजीएम अनिल चौरसिया का कहना है कि मिल का टरबाइन खराब होने से करोड़ों रुपए का नुकसान होने की संभावना है। इंजीनियर जांच कर रहे हैं। वहीं घर में हुए नुकसान की क्षतिपूर्ति भी दी जाएगी।
गंजापन व झड़ते बालों की समस्याओं के लिए सम्पर्क करें : 9719123457 पर























