हापुड़, सीमन (ehapurnews.com): हापुड़ के गांव असौड़ा के पास कार सवार बदमाश बुलंदशहर से किडनैप हुए व्यापारी को छोड़कर भाग खड़े हुए। बताया जा रहा है कि व्यापारी की तबीयत बिगड़ने और खुद को पुलिस से घिरता हुआ देख बदमाशों ने व्यापारी को बिना फिरौती लिए ही छोड़ दिया। बदमाशों ने व्यापारी से दो करोड़ की फिरौती मांगी थी। किडनैप करने के करीब 18 घंटे बाद बदमाश व्यापारी को हापुड़ में छोड़कर भाग खड़े हुए। इसके बाद व्यापारी पुलिस पिकेट पहुंचे जहां पुलिस को आपबीती बताई। इस दौरान पुलिस में हड़कंप मच गया।
आपको बता दें कि बुलंदशहर जनपद के खुर्जा के मोहल्ला गोयंका कॉलोनी निवासी 70 वर्षीय राजकुमार हार्डवेयर व टाइल्स व्यापारी हैं जो शनिवार की सुबह घर से प्रतिदिन की तरह खुर्जा के एनआरईसी कॉलेज में सैर करने के लिए स्कूटी से निकले थे। इसी बीच कॉलेज रोड के तिराहा पर जैसे ही राजकुमार पहुंचे तो पीछे से आई गाड़ी ने स्कूटी में टक्कर मार दी जिससे व्यापारी गिर गए और गाड़ी से निकले तीन बदमाशों में से एक ने व्यापारी के चेहरे पर दाई आंख की तरफ तमंचे की बट से वार किया और गाड़ी के अंदर लाकर सीट के अंदर डाल दिया। किसी को पता ना चले इसके लिए ऊपर से चादर डाल दी। करीब 2 घंटे बाद बदमाशों ने गाड़ी रोकी और व्यापारी राजकुमार को सीट पर बिठाया।
व्यापारी ने बताया कि इस दौरान बदमाशों ने करीब छह जगह गाड़ी रोकी और पेट्रोल भी भरवाया। चेहरे पर चादर होने की वजह से वह कुछ देख नहीं सका। बुलंदशहर से किडनैप हुए व्यापारी की तलाश में जनपद बुलंदशहर, हापुड़ समेत पांच जनपदों की पुलिस बदमाशों की धरपकड़ के लिए जुट गई और घेराबंदी की। खुद को घिरता हुआ देख बदमाश घबरा गए और व्यापारी को गांव असोड़ा के पास छोड़कर भाग खड़े हुए।
व्यापारी ने बताया कि बदमाशों ने कार में डालते ही व्यापारी की कनपटी पर तमंचा सटा दिया, मुंह पर टेप लगा दी और आंखों पर काली पट्टी बांधी। इस बीच व्यापारी भगवान से प्रार्थना करता रहा। वहीं बदमाश व्यापारी को हापुड़ छोड़कर भाग खड़े हुए जिसके बाद 10 मिनट तक व्यापारी ने आंखों की पट्टी ही नहीं खोली। पट्टी खोलने के बाद व्यापारी हापुड़ की ओर बढ़ा जहां मौजूद पिकेट पर उसने पुलिस से संपर्क किया। पुलिस पीड़ित व्यापारी को हापुड़ कोतवाली लेकर पहुंची जहां से उसे बुलंदशहर पुलिस के सुपुर्द कर दिया।
निवेश करने या जानकारी करने के लिए कॉल करें: 7351730003, 9457625625

































