हापुड़, सीमन (ehapurnews.com): जनपद हापुड़ के थाना हापुड़ कोतवाली क्षेत्र की दिल्ली रोड पर स्थित बालाजी मंदिर के पास बर्तन व्यापारी के साथ बाइक सवार दो बदमाशों ने एक लाख रुपए की लूट को अंजाम दिया। सूचना मिलने पर पुलिस में हड़कंप मच गया और अधिकारी जांच के लिए घटनास्थल की ओर दौड़ पड़े। बताया जा रहा है कि बाइक सवार दो बदमाशों मैं से एक के पास तमँचा था जिसने हथियार के बल पर इस लूट की घटना को अंजाम दिया। पुलिस सीसीटीवी खंगालने में लगी है और मामले की जांच तेज कर दी है।
बता दें कि पिलखुवा के शिवाजी नगर निवासी शिवम अग्रवाल पुत्र पंकज अग्रवाल की पिलखुकवा के मोहल्ला जवाहर बाजार में बर्तनों की दुकान है। शुक्रवार को शिवम अपनी स्कूटी पर सवार होकर एक लाख रुपए नकद लेकर पिलखुवा से हापुड़ जा रहे थे कि रास्ते में जैसे ही शिवम दोपहर करीब एक बजे बालाजी मंदिर के पास पहुंचे तो पीछे से आए बाइक सवार दो बदमाशों ने शिवम को रोक लिया।
शिवम ने बताया कि बदमाश निजामपुर से उसका पीछा कर रहे थे जिनमें से एक ने अपने चेहरे पर गमछा लपेटा हुआ था। तमंचे के बल पर बदमाशों ने शिवम की जेब में रखे एक लाख रुपए निकाल लिए और हापुड़ की ओर फरार हो गए। मामले की जानकारी मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी।
किफायती दामों पर खरीदें टाइल्स: 9837824010





























