हापुड़, सीमन (ehapurnews.com) : जनपद हापुड़ के थाना बहादुरगढ़ के गांव सलोनी के हनुमान मंदिर के पुजारी सीताराम बाबा का शव मंगलवार की सुबह फांसी के फंदे पर लटका हुआ मिलने से सनसनी फैल गई। मंदिर के पुजारी की मौत की खबर पाकर मौके पर ग्रामीणों की भीड़ एकत्र हो गई। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम हेतु भेजा है।
गांव सलोनी के गंगा प्रसाद का बेटा उमेश कुमार 10 साल पहले बाबा बन गया और अपना नाम सीताराम बाबा रख लिया। उमेश ने ही सलोनी में हनुमान मंदिर बनवाया और मंदिर मे ही रहने लगे। ग्रामीण बताते है कि बाबा की पत्नी कमलेश भी साध्वी बन कर बृजघाट के किसी आश्रम में रहने लगी।
बात मंगलवार की सुबह की है जब ग्रामीण मंदिर पहुंचे और बाबा दिखाई नहीं दिए। ग्रामीणों ने बाबा के कमरे में खिड़की से झांक कर देखा तो बाबा का शव फंदे से लटका था। मंदिर के पुजारी की मौत की खबर पूरे गांव में फैल गई। मौके पर ग्रामीण एकत्र हो गए और पुलिस को सूचना दी।
थाना बहादुरगढ़ पुलिस ने मौके पर पहुंच कर गेट को तोड़ा और फिर बाबा का शव बरामद कर पोस्टमार्टम हेतु भेज दिया। पुलिस का कहना है कि प्रथम दृष्टि से आत्महत्या का मामला प्रतीत होता है जिसके पीछे पारिवारिक कारण हो सकता है।
































