हापुड़, सीमन (ehapurnews.com) : हापुड़ की सड़कों पर नगर पालिका परिषद हापुड़ के वाहन नियमों को दरकिनार कर सड़कों पर फर्राटा भर रहे हैं जिन्हें नौसिखिए चला रहे हैं। इनमें से कई वाहन तो ऐसे हैं जिन पर नंबर प्लेट ही नहीं लगी है। हापुड़ के मोहल्ला जवाहरगंज में गुरुवार की सुबह 11 बजे बिना नंबर प्लेट के नगर पालिका परिषद हापुड़ लिखे एक वाहन ने सड़क पर अन्य खड़ी गाड़ी को टक्कर मार दी। गाड़ी का साइड का शीशा चटक गया। टक्कर लगने के बाद नगर पालिका परिषद हापुड़ के कर्मचारी वाहन को सड़क पर छोड़ कर ही भाग गए। मौके पर मौजूद स्थानीय लोगों ने मामले में नगर पालिका के अधिकारियों को जानकारी दी लेकिन किसी अधिकारी ने मौके पर पहुंचने की ज़हमत नहीं उठाई जिससे लोगों में नगरपालिका के खिलाफ नाराजगी है।
दरअसल टैंकों की सफाई करने के लिए बिना नंबर प्लेट का नगर पालिका परिषद हापुड़ का एक वाहन जवाहरगंज पहुंचा जहां रिवर्स करते समय सड़क किनारे खड़ी गाड़ी को नगर पालिका परिषद हापुड़ के वाहन ने पीछे से टक्कर मार दी। गाड़ी की फाइबर और साइड का शीशा चटक गया। मौके पर मौजूद लोगों ने जब नगर पालिका परिषद हापुड़ के कर्मचारियों से सवाल-जवाब किया तो वह सरकारी वाहन छोड़कर भाग खड़े हुए। इसी बीच लोगों को अपने दफ्तर जाना था लेकिन सड़क के बीचो बीच नगर पालिका का वाहन खड़ा होने से उन्हें परेशानी का सामना करना पड़ा। कार स्वामी ने बताया कि उन्होंने कई बार नगर पालिका के अधिकारी को मामले से अवगत कराया लेकिन अधिकारियों ने मौके पर पहुंचने की जगह वाहन स्वामी से नगर पालिका आने की बात कही। हादसे के दौरान यातायात प्रभावित हो गया।
































