हापुड़, सीमन (ehapurnews.com) : हापुड़ में अतिक्रमण के खिलाफ पुलिस-प्रशासन ने अभियान चलाया लेकिन अभी भी कई स्थान ऐसे हैं जो पुलिस-प्रशासन की नजर से बच गए हैं जिसका फायदा अतिक्रमणकारी बेझिझक होकर उठा रहे हैं. मामला हापुड़ के वार्ड नंबर 29 का है जहां कबाड़ी बाजार बुर्ज मोहल्ला में अतिक्रमण इस कदर है कि दुकानदारों ने कई फीट तक अपनी दुकानों को बाहर निकाला हुआ है. ऐसा नहीं है कि पुलिस यहां गश्त नहीं करती, पुलिसकर्मी लेपर्ड पर सवार होकर यहां से पेट्रोलिंग करते हैं लेकिन अतिक्रमण को देखकर आंखें मीच लेते हैं. इसके पीछे का कारण अभी तक समझ नहीं आया है. नगरपालिका की टीम भी रेलवे रोड, अतरपुरा चौराहा, दिल्ली रोड, गढ़ रोड पर अतिक्रमण के खिलाफ अभियान चलाती है लेकिन कभी इस क्षेत्र में ध्यान नहीं देती.
बता दें कि दुकानदारों ने अतिक्रमण इस कदर किया हुआ है कि जब कोई वाहन भी गुजरता है तो यह सड़क पर रखा अपना सामान नहीं हटाते. ऐसी ही तस्वीर नजर आई जब एक अंतिम यात्रा गरुण वाहन भी इस अतिक्रमण का शिकार हो गया जो बड़ी मुश्किल से अतिक्रमण के झाम से निकल पाया. स्थानीय लोगों का कहना है कि यहां कुछ दुकानदार हैं जो दबंगई के बल पर बेझिझक होकर अतिक्रमण करते हैं जिन पर प्रशासन भी ना जाने क्यों कार्रवाई करने से बचता है. हापुड़ के व्यस्त इलाकों में से एक कबाड़ी बाजार में वाहनों का आना जाना लगा रहता है लेकिन इन दुकानदारों द्वारा किए गए अतिक्रमण के चलते स्थानीय लोगों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है. एक तरफ उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अतिक्रमण के खिलाफ कदम उठाने के अधिकारियों को निर्देश दिए हैं लेकिन इस क्षेत्र में अतिक्रमण बहुत ज्यादा हावी है.
































