हापुड़, सीमन (ehapurnews.com) : हापुड़ के मौहल्ला न्यू शिवपुरी निवासी बीएसएफ में एएसआई के पद पर तैनात सुनील कुमार कौशिक पंजाब के अमृतसर में ड्यूटी करते समय शहीद हो गए। रविवार को शहीद एएसआई का पार्थिव शरीर हापुड़ पहुंचा जहां नम आंखों के साथ सुनील कौशिक के पार्थिव शरीर का अंतिम संस्कार किया गया। इस दौरान सैंकड़ों लोग अंतिम यात्रा में शामिल हुए जिन्होंने नम आंखों के साथ सुनील को अंतिम विदाई दी। हापुड़ सदर के विधायक विजयपाल आढ़ती, नगर पालिका परिषद हापुड़ के चेयरमैन प्रफुल्ल सारस्वत, मोनू बजरंग, हापुड़ सदर एसडीएम दिग्विजय सिंह, हापुड़ क्षेत्राधिकारी एस.एन. वैभव पांडेय, हापुड़ कोतवाली प्रभारी निरीक्षक सोमवीर सिंह इस दौरान मौजूद रहे।
सुनील कुमार कौशिक बीएसएफ में एएसआई के पद पर तैनात थे जो भारत-पाक सीमा पर बीओपी-शेरपुर, 183 बटालियन बीएसएफ अजनाला अमृतसर पर तैनात थे। यह सीमा संवेदनशील सीमाओं में से एक मानी जाती है। 22 मई को एएसआई सुनील मुस्तैदी के साथ अपनी ड्यूटी कर रहे थे कि मध्यरात्रि को मौसम अचानक खराब हो गया और भारी आंधी-तूफान की वजह से वह बुरी तरह घायल हो गए। इस दौरान अन्य साथियों की मदद से उन्हें अमृतसर के आईवीवाई अस्पताल ले जाया गया जहां चार दिनों तक उन्होंने ज़िंदगी और मौत की जंग लड़ी। 27 मई को सुनील की इलाज के दौरान मौत हो गई।
सुनील लगभग 34 वर्षों से देश की सेवा कर रहे थे। जैसे ही परिजनों को मामले की जानकारी हासिल हुई तो परिवार में कोहराम मच गया। बीएसएफ द्वारा रविवार की सुबह शहीद सुनील कौशिक का पार्थिव शरीर हापुड़ की मेरठ रोड पर स्थित पुलिस लाइन लाया गया जिसके बाद न्यू शिवपुरी आवास पर पार्थिव शरीर के अंतिम दर्शन करने के लिए सैंकड़ों लोग सुबह ही पहुंच गए। आवास से निकली अंतिम यात्रा में सैंकड़ों लोग शामिल हुए। हापुड़ की स्वर्गाश्रम रोड पर स्थित चौराखी पर पार्थिव शरीर का अंतिम संस्कार किया गया।
सुनील के परिवार में उनकी पत्नी सुनीता कौशिक, एक बेटी और एक बेटा है। पुत्री आकांशा की शादी हो चुकी है जबकि पुत्र अंकित प्रतियोगिता की तैयारी कर रहा है। सुनील की मौत से परिवार में मातम छाया हुआ है।























