हापुड़, सीमन/अशोक तोमर/अमित (ehapurnews.com) : थाना हापुड़ देहात पुलिस और सर्विसलांस टीम ने आईपीएल पर सट्टे का धंधा करने वाले एक चलते-फिरते अड्डे का भंडाफोड़ कर गिरोह के दो सदस्यों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने क्रिकेट सटोरियों के पास से दो लाख 80 हजार रुपए नकद, दो लैपटाप, 11 मोबाइल फोन, एक कैलकुलेटर, बही खाता व एक स्वीफ्ट डिजायर कार बरामद की है। पकड़े गए आरोपी माता मौहल्ला का आकाश गोयल उर्फ चिंटू तथा शिवलोक कालोनी हापुड़ का रविंद्र कुमार उर्फ रवि है।
पुलिस अधीक्षक दीपक भूकर ने बताया कि पकड़े गए क्रिकेट सटोरिए गाड़ी में बैठकर अलग-अलग स्थानों पर घूम कर क्रिकेट का सट्टा करा रहे थे कि थाना हापुड़ देहात पुलिस व सर्विसलांस टीम के मेरठ बाई पास पर हत्थे चढ़ गए। सटोरिये मैच समाप्ति के बाद अपने मोबाइलों के स्वीच आफ कर देते थे। क्रिकेट सट्टे में हार-जीत का भुगतान आनलाइन किया जाता था। पुलिस बरामद मोबाइलों से अन्य धंधेबाजों की कुंडली खंगालने में जुटी है। गिरोह की बड़ी मछलियां भी जाल में फंस सकती है।
बता दें कि जनपद हापुड़ में क्रिकेट का सट्टा अमरबेल की तरह पनप रहा है। क्रिकेट सटोरिये लग्जरी लाइफ जी रहे है और अनेक घरों को सटोरियों ने उजाड़ा है। हापुड़ के क्रिकेट सटोरिये करोडों रुपए की सम्पत्ति के मालिक है।


























