हापुड़, सीमन (ehapurnews.com) : जनपद हापुड़ के थाना बाबूगढ़ क्षेत्र में एक पत्रकार के बेटे पर दबंगों ने हमला कर दिया। इस दौरान वह घायल हो गया जिसे मेरठ रेफर कर दिया गया है जहां घायल का इलाज जारी है। कार्रवाई के लिए पत्रकारों ने बाबूगढ़ कोतवाली प्रभारी निरीक्षक देवेंद्र कुमार बिष्ट से मुलाकात की और मामले में जल्द कार्रवाई की मांग की।
बता दें कि मामला मंगलवार की शाम करीब सात बजे का है जब बछलौता निवासी पत्रकार सुरेंद्र शर्मा का बेटा अंकुश शर्मा किसान क्रेडिट कार्ड के लगभग ढाई लाख रुपए लेकर घर से अपने मेडिकल स्टोर जा रहा था। रास्ते में फ्लाईओवर पुल के पास अंकुश को चार लोगों ने रोक लिया। उन्हीं में से एक अंकुश को मंदिर के पास ले गया जहां मौका देखकर चारों ने हथियारों के बल पर अंकुश की पिटाई शुरु कर दी जो घायल हो गया। दबंगों ने अंकुश को इतना पीटा कि उसके कान से खून निकलने लगा। शोर शराबा होने पर आसपास लोगों की भीड़ इकट्ठा हो गई जिन्हें देख दबंग भाग खड़े हुए। जानकारी मिलने पर घायल के पिता सुरेंद्र शर्मा भी मौके पर बेटे को अस्पताल में भर्ती कराया जहां से अंकुश को मेरठ के लिए रेफर कर दिया। घायल का उपचार जारी है। सुरेंद्र शर्मा ने न्याय के लिए पुलिस से गुहार लगाई है। मौके से 25 हजार रुपए की नकदी गायब थी।























