हापुड़, सीमन (ehapurnews.com) : जनपद हापुड़ के थाना धौलाना क्षेत्र के गांव सपनावत में मंगलवार की दोपहर बिजली के तारों से निकली चिंगारी ने लगभग 35 बीघा गेहूं की फसल को जलाकर राख कर दिया. इस दौरान किसानों में अफरा-तफरी का माहौल रहा और सभी फसल में लगी आग को बुझाने में जुट गए. एसडीएम धौलाना सुनीता सिंह ने बताया कि लेखपाल को नुकसान के आकलन का निर्देश दिया गया है जिसके बाद प्रभावित किसानों को सहायता दी जाएगी.
गांव सपनावत में बझेड़ा कलां रोड पर किसान वीरपाल सिंह के खेत हैं जहां गेहूं की खड़ी फसल के ऊपर से गुजर रही 11,000 की विद्युत लाइन के तारों के टकराने से चिंगारी निकल पड़ी जो खेतों में गिर गई. खेतों ने देखते ही देखते आग पकड़ ली और विकराल रूप धारण कर लिया. देखते ही देखते आस-पास मौजूद किसान ओम करण सिंह, सत्येंद्र सिंह, बिरजू, गोंडा सिंह आदि की फसल भी जल गई. एसडीएम सुनीता सिंह ने लेखपाल को किसानों को हुए नुकसान का आंकलन कर रिपोर्ट तैयार करने के निर्देश दिए जिसके बाद किसानों को जल्द ही सहायता दी जाएगी.
केयर हॉस्पिटल व मोहम्मद यूनुस की ओर से माहे रमजान की आपको दिली मुबारकबाद





























