हापुड़, सीमन/अशोक तोमर (ehapurnews.com) : हापुड़-पिलखुवा विकास प्राधिकरण में व्याप्त कथित भ्रष्टाचार, किसान उत्पीड़न और किसानों की जमीन जबरन हथियानें के विरोध में मंगलवार को हापुड़ में किसानों ने प्राधिकरण के मुख्य गेट पर ताला ठोक कर धरना दिया और प्राधिकरण के विरुद्ध नारेबाजी की। किसानों की मांग है कि गांव चमरी में एक किसान की भूमि पर प्राधिकरण द्वारा मिट्टी डाल कर किए गए कब्जे को कब्जा मुक्त किया जाए।
भारतीय किसान यूनियन (भानू) के जिलाध्यक्ष पवन हुण की अगुवाई में किसान रुपराम सिंह, रवि भाटी, राजवीर सिंह भाटी, संजय शर्मा, पूनम त्यागी, मोनिका तेवतिया सहित सैकड़ों किसान प्राधिकरण के दफ्तर पर पहुंचे और मुख्यद्वार पर ताला ठोक कर धरना, प्रदर्शन किया। किसानों ने बताया कि गांव चमरी के किसान सुखवीर सिंह की भूमि पर प्राधिकरण ने मिट्टी डालकर कब्जा कर लिया है, जबकि भूमि अधिग्रहण की कोई कार्रवाई प्राधिकरण ने नहीं की है। किसानों की मांग है कि प्राधिकरण द्वारा किसानों की जबरन कब्जाई गई भूमि को मुक्त किया जाए।
प्राधिकरण पर किसानों के धरने की खबर पर शहर कोतवाल सोमवीर सिंह प्राधिकरण दफ्तर पर पहुंचे और किसानों को आश्वासन दिया कि उत्पीड़न नहीं होगा। शहर कोतवाल सोमवीर सिंह ने प्राधिकरण के सचिव से मुलाकात कराई। सचिव ने किसानों से कहा कि प्राधिकरण ऐसा कोई कार्य नहीं करेगा जिससे किसान परेशान हो। प्राधिकरण ने मामले की जांच के आदेश दिए है।





























