हापुड़, सीमन (ehapurnews.com): जनपद हापुड़ की नंगोला रोड रविवार की रात गोलियों की तड़तड़ाहट से गूंज उठी। इस दौरान बदमाशों और पुलिस में मुठभेड़ हो गई जिसमें दो बदमाशों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। इन गिरफ्तार बदमाशों में से एक 25 हजार का इनामी बदमाश विकास उर्फ गुरु है जिसपर 30 से ज्यादा मामले दर्ज है। पुलिस ने मुठभेड़ के दौरान घायल बदमाश विकास उर्फ गुरु व उसके राहुल को गिरफ्तार कर लिया। घायल को अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
बता दें कि मामला रविवार की रात का है जब पुलिस और बाइक सवार बदमाशों के बीच थाना हापुड़ कोतवाली क्षेत्र की नंगोला रोड पर मुठभेड़ हो गई। इस दौरान बदमाशों ने पुलिस पर फायर कर दिया। जवाबी कार्रवाई में पुलिस ने भी बदमाशों को मुंह तोड़ जवाब दिया। मामले की जानकारी जैसे ही पुलिस महकमें को लगी मौके पर भारी पुलिस फोर्स पहुंच गई और मोर्चा संभाल लिया। एनकाउंटर में बाइक सवार एक बदमाश विकास घायल हो गया जिसपर ढाई दर्जन मुकदमें दर्ज हैं और उसपर हापुड़ पुलिस द्वारा 25 हजार का इनाम घोषित है। वहीं विकास का साथी राहुल भी पुलिस के हत्थे चढ़ गया। मुठभेड़ में घायल बदमाश को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती करा दिया है। पुलिस ने इस दौरान दो अवैध हथियार व खोखा कारतूस और एक बाइक बरामद की है।






























