हापुड़, सीमन/अशोक तोमर (ehapurnews.com) : थाना हाफिजपुर पुलिस द्वारा एक अधिवक्ता के विरुद्ध संगीन धाराओं में मुकद्दमा दर्ज करने और पीड़ित अधिवक्ता की रिपोर्ट दर्ज न करने के विरोध में शुक्रवार को वकील हड़ताल पर चले गए और तहसील चौपला पर पहुंच कर मानव श्रृंखला बनाकर यातायात पूरी तरह ठप्प कर दिया। वकीलों ने पुलिस के प्रति गुस्सा जाहिर करते हुए पुलिस के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। अधिवक्ताओं के आक्रोश को देखते हुए पुलिस ने रुट डायवर्ट कर दिया। हड़ताली वकीलों ने मांग पूरी न होने पर अनिश्चितकालीन हड़ताल की चेतावनी दी है। वकीलों की मांग है कि पीड़ित वकील की रिपोर्ट दर्ज कर निष्पक्ष जांच की जाए और थाना हाफिजपुर को निलम्बित किया जाए।
हापुड़ बार एसोसिएशन हापुड़ के अध्यक्ष अजीत सिंह चौधरी की अध्यक्षता में एक सभा हुई जिसमें बताया कि एसोसिएशन के एक सदस्य मिथुन कसाना ( रामपुर ) के परिवार पर गोली चलाने वाले आरोपियों की थाना हाफिजपुर पुलिस ने वकील व उसके परिवार के विरुद्ध रिपोर्ट दर्ज की है, परंतु अधिवक्ता की रिपोर्ट पुलिस ने दर्ज नहीं की।
एसोसिएशन का एक प्रतिनिधिमंडल पुलिस अधीक्षक दीपक भूकर से मिला और मिथुन कसाना पर हमला करने के आरोपियों के विरुद्ध रिपोर्ट दर्ज करने की मांग की। पुलिस अधीक्षक ने वकीलों को जांच का आश्वासन दिया, परंतु वकील संतुष्ट नहीं हुए। एसोसिएशन के आह्वान पर अध्यक्ष अजीत सिंह चौधरी, सचिव रविंद्र सिंह निमेष, अनिल आजाद, पुरुषोत्तम वर्मा, संजय कंसल, सोनू सैनी, सुनील अग्रवाल सहित सैकड़ों वकीलों ने तहसील चौपला पर पहुंच कर धरना दिया और मानव श्रृंखला बनाकर यातायात अवरुद्ध कर दिया। वकीलों ने पुलिस के विरुद्ध जमकर नारेबाजी की और खूब भला-बुरा कहा। वकीलों की मांग है कि पीडित अधिवक्ता मिथुन कसाना की रिपोर्ट दर्ज की जाए और थाना हाफिजपुर के प्रभारी को निलम्बित किया जाए।
एसोसिएशन ने चेतावनी दी है कि मांग पूरी न होने पर सोमवार से अनिश्चितकालीन धरना, प्रदर्शन व तहसील चौपला पर चक्का जाम होगा।
लोन लेने के लिए संपर्क करें: 9319277384, 8650390390



























