हापुड़, सीमन/सूवि (ehapurnews.com): जिलाधिकारी हापुड़ अनुज सिंह ने अपर जिला अधिकारी जयनाथ यादव के साथ सोमवार को नगर पालिका की बैठक ली। बैठक में जिलाधिकारी ने कहा कि बरसात के मौसम को दृष्टिगत रखते हुए जनपद में किसी भी स्थान पर जलभराव नहीं दिखना चाहिए। सभी अधिशासी अधिकारी पंप लगाकर पानी खींचने की व्यवस्था सुनिश्चित कराएं।
रेहड़ी पटरी वालों को आदेशित करें कि वे नालों में कूड़ा न डालें। नालों की शिल्ट से प्लास्टिक व अन्य वस्तुएं हटवा दें। शिल्ट गाड़ियों से अन्य स्थान पर पहुंचा दें। जो भी सफाई कर्मचारी कार्य न करें उसको रिप्लेस कर दें। सफाई व्यवस्था में सुधार दिखना चाहिए। सभी दुकानदारों को डस्टबिन रखने हेतु आदेशित करें।
खोमचे, ठेले वाले भी अपना-अपना डस्टबिन रखें, जो डस्टबिन न रखें उसका ₹100 का चालान करें और उसको डस्टबिन भी प्रदान करें। जनपद में साफ-सफाई की व्यवस्था का निरीक्षण करने के लिए अधिशासी अधिकारी मॉर्निंग विजिट करें। इस कार्य में उपजिला अधिकारी भी सहयोग करें। रात्रि सफाई की भी विशेष मॉनिटरिंग की जाए। खुले में कूड़ा फेंकने वालों पर कार्रवाई करें। शहर का कूड़ा शहर में ही न रखेंl
इसी के साथ डीएम ने कहा क अधिशासी अधिकारी नगर पालिका परिषद गढ़मुक्तेश्वर खुले कूड़े को ढकवा दें। सभी अधिशासी अधिकारी वार्ड वार कार्य योजना बनाकर सफाई कराएं। अधिशासी अधिकारी नगर पालिका परिषद हापुड़ बुलंदशहर रोड वाले नाले से अतिक्रमण हटवाए तथा मार्ग में प्रकाश लाइटों की रिपेयर व मेंटीनेंस की व्यवस्था होनी चाहिए। जन्म-मृत्यु पंजीकरण निर्धारित समय सीमा के अंतर्गत पूर्ण करें। जिलाधिकारी ने कहा कि अलंकरण कार्यों में नाले व सड़कें ठीक हो जानी चाहिए और अवैध कालोनियों को स्थापित करने से रोके। बैठक में सभी उपजिलाधिकारी, अधिशासी अधिकारी, नगर पालिका परिषद, सहायक अभियंता इत्यादि उपस्थित रहे।
































