
हापुड़: NH-9 पर चलती कार बनी आग का गोला, सूझबूझ से बची अंदर बैठे 3 यात्रियों की जान
हापुड़, सीमन (ehapurnews.com): जनपद हापुड़ में नेशनल हाईवे-9 पर एक बड़ा हादसा होते-होते टल गया। यहां चलती हुई एक वर्ना कार अचानक आग का गोला बन गई। गनीमत यह रही कि कार में सवार तीनों यात्रियों ने समय रहते सूझबूझ दिखाई और गाड़ी से कूदकर अपनी जान बचा ली।
हापुड़ से गुजरने वाले दिल्ली-लखनऊ नेशनल हाईवे (NH-9) पर उस वक्त हड़कंप और अफरा-तफरी मच गई, जब एक चलती हुई वर्ना कार से अचानक धुआं उठने लगा। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया और कार पूरी तरह आग की चपेट में आ गई।
हादसे के वक्त कार में तीन लोग सवार थे। कार से लपटें निकलते देख यात्रियों ने बिना एक पल गंवाए तुरंत गाड़ी रोकी और बाहर कूदकर अपनी जान बचाई। कुछ ही पलों में पूरी कार धू-धू कर जलकर राख हो गई।
घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीम तुरंत मौके पर पहुंची। दमकलकर्मियों ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया, लेकिन तब तक कार पूरी तरह जल चुकी थी। शुरुआती जांच में अंदेशा जताया जा रहा है कि कार में शॉर्ट सर्किट या किसी तकनीकी खराबी की वजह से यह भीषण आग लगी थी। इस घटना के बाद हाईवे पर कुछ देर के लिए यातायात भी प्रभावित रहा, जिसे पुलिस ने बाद में सामान्य कराया।
दातों की झनझनाहट को नजरअंदाज ना करें, नि:शुल्क सलाह के लिए कॉल करें: 7668219093, 9997097671






















