
नलकूप से मोटर चुराकर भाग रहे थे बदमाश, ग्रामीणों ने एक को दबोचा; दो फरार
हापुड़, सीमन (ehapurnews.com): जनपद हापुड़ के सिंभावली थाना क्षेत्र से ट्यूबवेल की मोटर चोरी का एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। फरीदपुर गोसाईं गांव में नलकूप से मोटर चोरी कर भाग रहे तीन बदमाशों में से एक को ग्रामीणों ने रंगे हाथों पकड़ लिया, जबकि उसके दो साथी मौके से फरार होने में कामयाब रहे।
मिली जानकारी के मुताबिक, 12 अक्टूबर की रात करीब 10 बजे फरीदपुर गोसाईं निवासी परविंद्र गिरि अपने साथी गजेंद्र गिरि के साथ खेत पर नलकूप देखने गए थे। इसी दौरान उन्होंने देखा कि तीन युवक बाइक पर ट्यूबवेल की मोटर लादकर ले जाने की कोशिश कर रहे थे। परविंद्र और उनके साथी ने तुरंत शोर मचा दिया। शोर सुनते ही दो आरोपी अंधेरे का फायदा उठाकर भाग निकले, लेकिन ग्रामीणों ने फरीदपुर गोसाईं निवासी अरुण नाम के एक युवक को मौके पर ही धर दबोचा।
पकड़े गए आरोपी अरुण से जब सख्ती से पूछताछ की गई, तो उसने फरार हुए अपने दोनों साथियों के नाम पुनीत और विकास बताए। इसके बाद ग्रामीणों ने पकड़े गए आरोपी, चोरी की मोटर और बाइक को पुलिस के हवाले कर दिया। मामले की जानकारी देते हुए सीओ राहुल यादव ने बताया कि पकड़े गए आरोपी से पूछताछ की जा रही है और फरार आरोपियों की तलाश जारी है। पुलिस का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
हापुड़ की विश्वसनीय कपड़ों की दुकान “रामदास मोहनलाल माहेश्वरी बजाज” से खरीदें लहंगा, लेडीज सूट, डिजाइनर साड़ियां, स्टॉल, ज्वेलरी बहुत कुछ: 9927870069






















